खूंटी । तोरपा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बैठक शनिवार को प्रखंड अध्यक्ष अजय गुप्ता की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में जिला महासचिव एवं तोरपा प्रखंड प्रभारी प्रनीत टोपनो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक का प्रमुख एजेंडा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा और क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा रहा।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण एसआईआर अभियान की रफ्तार प्रभावित हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची सड़कों पर फिसलन और गड्ढों में पानी भर जाने से बूथों तक पहुंचने तथा मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सड़क संपर्क, बुनियादी सुविधाओं और अन्य जनसरोकार से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग की। कार्यकर्ताओं ने इन समस्याओं को जिला कांग्रेस कमेटी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें और एसआईआर अभियान को सफल बनाएं। बैठक में प्रखंड उपाध्यक्ष नामजन टोपनो, सलीम टोपनो, महासचिव नमन टोपनो, अमरदीप भेंगरा, जीवन टोपनो, फुलजेन टोपनो, पंचायत अध्यक्ष मार्टिन हेमरोम, जिदान टोपनो, मनोज गुप्ता, विजय टोपनो, एसटी मोर्चा के तुर्तन टोपनो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


