संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। मध्यप्रदेश के रीवा में हुई घटना के विरोध में सोमवार को सुबह 8 बजे पाकुड़ जैन समाज के लोगों ने मौन जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने शहर में शांतिपूर्ण ढंग से मार्च करते हुए उपायुक्त मेघा भरद्वाज के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।मौन जुलूस में शामिल लोगों ने कहा कि रीवा में हुई घटना से जैन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। जुलूस के दौरान लोगों ने शांति और एकता का संदेश भी दिया।जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समाज की धार्मिक भावनाओं के सम्मान औरभविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।मौके पर निर्मल जैन, प्रकाश जैन , नरेश बाकलिवल , सुरेश आशीष आदि समाज के कई गणमान्य लोग, महिला-पुरुष एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।


