मुंबई । हाल ही में हैदराबाद में मशहूर गायिका श्रेया घोषाल लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक दिलचस्प वाकया हुआ, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। 30 नवंबर 2024 को हैदराबाद में आयोजित इस शो के दौरान श्रेया अपने तेलुगु फैंस के लिए गा रही थीं।
सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन अचानक गाते-गाते वह स्टेज के एक हिस्से से दौड़कर पीछे की ओर चली गईं। इस अप्रत्याशित हरकत ने उनके फैंस को हैरानी में डाल दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। असल में, परफॉर्मेंस के दौरान श्रेया को गाने के लिरिक्स अचानक याद नहीं आए। लेकिन उन्होंने अपनी पेशेवरता का परिचय देते हुए मंच पर कोई रुकावट नहीं आने दी। गाते-गाते वह दौड़कर उस स्क्रीन तक पहुंचीं, जहां गाने के बोल लिखे हुए थे। लिरिक्स देखने के बाद उन्होंने तुरंत अपनी प्रस्तुति जारी रखी और बिना किसी झिझक के गाना पूरा किया। श्रेया के इस प्रोफेशनल अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि मुश्किल परिस्थितियों में भी उन्होंने जिस तरह अपने आप को संभाला, वह उनकी काबिलियत को दर्शाता है। वीडियो के वायरल होने के बाद कई फैंस ने इसे उनकी विनम्रता और लगन का उदाहरण बताया है। एक यूजर ने लिखा, श्रेया घोषाल जैसी कलाकार ही ऐसी परिस्थिति में भी परफॉर्मेंस को बेहतरीन बना सकती हैं। वहीं, एक अन्य ने कहा, यह श्रेया की सादगी और समर्पण को दिखाता है।
श्रेया घोषाल के इस वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह न केवल एक अद्भुत गायिका हैं, बल्कि मंच पर हर परिस्थिति को संभालने वाली एक सच्ची कलाकार भी हैं। बता दें कि बॉलीवुड की मशहूर गायिका श्रेया घोषाल अपने बेहतरीन सुरों और शानदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं। इन दिनों वह भारत के विभिन्न शहरों में लाइव कॉन्सर्ट कर रही हैं, जहां उनके फैंस उन्हें सुनने के लिए उमड़ पड़ते हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


