नई दिल्ली । भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने हाल ही में एक साक्षात्कार के दौरान क्रिकेट जगत को चौंकाते हुए बताया कि उनके लिए रोहित शर्मा सबसे अच्छे कप्तान हैं। एक कार्यक्रम के दौरान एक सवाल में जब उन्हें सर्वश्रेष्ठ कप्तान चुनने के लिए कहा गया तो उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच बिना झिझक रोहित का नाम लिया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव, जिनकी कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीता, और मौजूदा कप्तान श्रेयस अय्यर का नाम आने पर भी दुबे रोहित शर्मा के साथ बने रहे।
हालांकि, जब अंत में महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम आया, तो दुबे थोड़ा डगमगा गए। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जैसी ऐतिहासिक जीत दर्ज की हैं। माही की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) भी पांच बार चैंपियन बन चुकी है, और शिवम दुबे उन्हीं की टीम का एक अहम हिस्सा हैं। ऐसे में उन्होंने अंत में एक ऐसा जवाब दिया जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। दुबे ने कहा, सर, मुझे यह सवाल कई बार मिला है। तो जब मैं इंडिया के लिए खेल रहा होता हूं, तो रोहित शर्मा और जब मैं आईपीएल के लिए खेल रहा होता हूं, तो एमएस धोनी।
रोहित शर्मा को चुनने के पीछे की वजह बताते हुए शिवम दुबे ने कहा कि उन्हें रोहित भाई में वही खूबी दिखती है जो वह धोनी भाई के लिए महसूस करते हैं। रोहित भाई भी इतने सालों से क्रिकेट खेल रहे हैं और 2007 से मैदान पर हैं। दुबे ने कहा कि उन्होंने रोहित में यह क्वालिटी देखी है कि वह जानते हैं कि किस खिलाड़ी से क्या बात करनी चाहिए, उसे कैसे मोटिवेट करना चाहिए, ताकि उस पर कोई दबाव न हो और वह खुलकर खेल सके।
कप्तान के चुनाव के बाद, शिवम दुबे से यह भी पूछा गया कि उन्होंने अब तक किस सबसे मुश्किल गेंदबाज का सामना किया है और किस सबसे मुश्किल बल्लेबाज को गेंदबाजी की है। सीएसके के ऑलराउंडर ने इंग्लैंड और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को अब तक का सबसे मुश्किल बॉलर बताया। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह भी मुश्किल हैं, लेकिन उनका सामना उन्होंने कम किया है क्योंकि वह उनकी टीम में हैं। सबसे मुश्किल बल्लेबाज के रूप में शिवम दुबे ने सूर्यकुमार यादव को चुना।


