दो युवकों की हुई पहचान, घटनास्थल के पास से एक बाइक बरामद
बोकारो । झारखंड के बोकारो जिले में रेलवे ट्रैक से तीन युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह राधानगर पंचायत के समीप लावाटांड़ क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे तीन शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब 8 से 9 किलोमीटर दूर स्थित है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती जांच के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मृतकों में से एक युवक की पहचान घटनास्थल से मिले आधार कार्ड से बबलू सोरेन के रूप में हुई है। वह गोमिया प्रखंड के बरकी पुनु गांव निवासी सूरजलाल सोरेन का पुत्र बताया गया है। दूसरे मृतक दीपक सोरेन है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। तीसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क कर रही है। जांच में पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक बाइक भी बरामद की है।
आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आए होंगे। हालांकि अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


