गोड्डा : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा घोषित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणाम में जिले में छात्राओं का दबदबा इस बार भी कायम रहा। जहां पहले एवं दूसरे स्थान पर जिले की छात्राओं ने अपना परचम लहराया। इस कड़ी में जहां महागामा प्रखंड क्षेत्र के हनवारा की छात्रा सायमा नाज़ ने जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं सुंदर पहाड़ी प्रखंड के एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्रा छोटी लीली हेंब्रम में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
हनवारा की सायमा नाज शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर अपने स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह न सिर्फ स्कूल टॉपर, बल्कि जिला टॉपर भी बनी है
सायमा नाज़, हाई स्कूल हनवारा की छात्रा हैं। उनके पिता एमडी अफरोज आलम और माता वसीमा खातून हैं। परीक्षा में उन्होंने सभी विषयों में बेहतरीन अंक प्राप्त किए हैं। उर्दू में 96, अंग्रेजी में 97, गणित में 98, विज्ञान में 99, कृषि में 99 तथा सामाजिक विज्ञान में 89 अंक प्राप्त कर कुल 489 अंक हासिल किए।
सायमा की इस सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिजनों ने भी बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया और कहा कि उसकी मेहनत का यह फल है ग्रामीण क्षेत्र से आने के बावजूद सायमा ने यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
डॉक्टर बनने का है सपना
जिला टॉपर हुई हनवारा की सायना नाज ने अपनी सफलता को लेकर माता-पिता एवं शिक्षकों आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि सभी के उत्साहवर्धन एवं सहयोग से ही वे आज जिला टॉपर बन सकी है। उन्होंने कहा कि वे नीट की तैयारी कर डॉक्टर बनना चाहती है। इसके लिए वे अभी से अपना तैयारी जारी रखना चाहती है।


