गोड्डा। नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई को हुई हथियारबंद लूट की घटना के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार था और गोड्डा के अलावा दुमका जिले के हंसडीहा व सरैयाहाट थाना क्षेत्रों के मामलों में भी वांछित था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
बताया गया कि 8 जुलाई को तीन अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने बंगाल ज्वेलर्स में लूटपाट की थी। दुकान मालिक बासुदेव राव के आवेदन पर 9 जुलाई को गोड्डा नगर थाना में कांड संख्या 125/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था।
पुलिस के मुताबिक, एसआईटी ने घटना के 72 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन करते हुए राजेश यादव और अजीत यादव को गिरफ्तार किया था। राजेश यादव के घर से 39.93 ग्राम सोना, 41,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई थी। इसके बाद दुमका पुलिस के सहयोग से दानवीर पासवान को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से घटना में प्रयुक्त ब्लू रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने लूट की रेकी करने, अपराधियों को सूचना देने तथा लूटे गए सोने की बिक्री में सहयोग करने वाले कथित मास्टरमाइंड स्वर्ण व्यवसायी चन्द्रशेखर कुमार साह उर्फ पूरन साह को भी गिरफ्तार किया। उसे 13 अगस्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। पुलिस के अनुसार उससे सोने की खरीद-बिक्री करने वाले गोड्डा और बांका जिले के कुछ स्वर्ण व्यवसायियों व दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा गोड्डा और पाकुड़ पुलिस के संयुक्त प्रयास से बांका जिले में फरार चल रहे प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया था। वह वर्तमान में मंडल कारा, पाकुड़ में काराधीन है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी का शव देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र में मिला था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी आसपास के बांका, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और पाकुड़ जिलों में ज्वेलरी दुकानों एवं सीएसपी केंद्रों में हुई लूट की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। इसी क्रम में बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी की गिरफ्तारी की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सद्दाम अंसारी, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता स्वर्गीय राजू अंसारी, ग्राम अम्बातरी, थाना बंधुवाकुरा, जिला बांका (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ बंधुवाकुरा थाना, सरैयाहाट थाना तथा गोड्डा नगर थाना में पूर्व से मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक, पुलिस निरीक्षक दिनेश महली, नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह समेत गोड्डा पुलिस के विभिन्न पदाधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल शामिल रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


