पार्टी ने दोबारा जताया भरोसा, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
देवघर। भारतीय जनता पार्टी ने देवघर जिला अध्यक्ष पद के लिए नामों की घोषणा करते हुए एक बार फिर सचिन रवानी पर भरोसा जताया है। पार्टी ने उन्हें दूसरी बार देवघर जिला भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इस घोषणा के साथ ही जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जिलाध्यक्ष पद के चयन को लेकर पार्टी की ओर से पहले रायशुमारी की गई थी, जिसमें जिला स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से उनकी पसंद जानी गई। इसके बाद नामांकन प्रक्रिया पूरी कर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की गई। बैठक में पार्टी निर्वाचन पदाधिकारी बबलू भगत, झरिया विधायक रागिनी सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी कार्यालय से टावर चौक तक जश्न:
जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होते ही पार्टी कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, नारों और मिठाइयों के साथ खुशी जाहिर की। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक टावर चौक पहुंचे, जहां सचिन रवानी का जोरदार स्वागत किया गया। नारों और आतिशबाजी के बीच पूरा इलाका जश्न में डूबा नजर आया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले व्यक्ति को दूसरी बार इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना गर्व की बात है। नगरवासियों ने भी इस मौके पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इसे संगठन में मेहनत और निष्ठा का सम्मान बताया।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा:
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि सचिन रवानी के नेतृत्व में देवघर जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा और जमीनी स्तर पर पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना था कि लंबे समय बाद किसी जिला अध्यक्ष के स्वागत में ऐसा उत्साह देखने को मिला है। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिन रवानी ने दोबारा जिम्मेदारी सौंपने पर पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि देवघर जिले के हर कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की दिशा में वे पूरी निष्ठा से काम करेंगे।


