अमेरिका को तंज, दोस्त कभी पाबंदियां नहीं लगाते
नई दिल्ली । अमेरिका की ओर से भारतीय उत्पादों पर लगे 50 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ के बीच भारत के सदाबहार दोस्त रूस का बड़ा बयान सामने आया है। रूस का कहना है कि यदि किसी देश में भारतीय उत्पादों पर रोक लग रही है, तब रूस के बाजार में भारतीय सामनों का स्वागत है। भारत में रूसी मिशन के डिप्टी चीफ रोमन बाबूश्किन ने यह बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अर्थव्यवस्था को हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया है, लेकिन अमेरिका को यह ध्यान रखना चाहिए कि दोस्त कभी पाबंदियां नहीं लगाते। रूस कभी इस तरह की पाबंदियां नहीं लगाएगा। उन्होंने कहा कि भारत और रूस ने हमेशा कठिन समय में एक-दूसरे का साथ दिया है। हम भारत को कच्चे तेल की सप्लाई जारी रखने वाले हैं, और इसके लिए मेकेनिज्म तैयार किया है।
इसके अलावा बाबूश्किन ने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन की बैठक से इतर पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात होगी। इस बैठक में कई अहम मसलों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि उन्होंने पुतिन के भारत दौरे को लेकर कहा कि इसकी तारीखें तय नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और 2030 तक यह 100 अरब डॉलर के पार होगा। इसके अलावा भारत को फर्टिलाइजर और तेल, गैस आदि की सप्लाई करने में रूस पहले नंबर पर बना हुआ है। रूसी राजदूत ने कहा कि अमेरिका की रणनीति गलत है और उस पर ही भारी पड़ रही है। टैरिफ वार के चलते डॉलर पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ व्यापारिक असंतुलन को खत्म करने के लिए रूस कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि भारतीय निर्यात रूसी बाजार में बढ़े। हम चाहते हैं कि मशीनरी, फार्मा, चाय और चावल जैसी चीजों का आयात भारत से बढ़ा लें। इतना ही नहीं उनका कहना था कि अमेरिका ने टैरिफ अटैक का जो फैसला लिया है, वह गलत और एकतरफा है। रुसी राजदूत से पूछा गया कि क्या भारत की ओर से रूस से तेल खरीद रोकी जा सकती है। इस पर उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि हम भारत के साथ चर्चा कर सारी समस्यों को दूर करने वाले है।
रूसी राजनयिक ने कहा कि भारत हमारे लिए हमेशा से ही बहुत मायने रखता है। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के मामले पर पीएम मोदी से दो बार फोन पर बात की है। उन्होंने कहा कि भारत की जरूरत का 40 फीसदी तेल रूस मुहैया करा रहा है और दुनिया भर के अन्य देशों के मुकाबले 5 फीसदी डिस्काउंट देता है। उन्होंने कहा कि भारत और रूस की दोस्ती स्वाभाविक है। दोनों देशों ने साथ मिलकर ब्रह्मोस मिसाइल तैयार की है। इसके अलावा अन्य हथियारों पर भी काम कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने चीनी विदेश मंत्री के भारत दौरे का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रूस, भारत और चीन का सहयोग महत्वपूर्ण है। हम चाहते हैं कि यह जल्दी और मजबूती से आगे बढ़े।
उन्होंने भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर कहा कि यह रूसी हथियारों की टेस्टिंग का भी मौका था। उन्होंने कहा कि हमारे एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की इस जंग में टेस्टिंग हो गई। भारत जब भी एयर डिफेंस सिस्टम तैयार करेगा, तब रूस उसका हिस्सा रहेगा।






