सुवर्णरेखा छठ घाट पर सामूहिक श्रमदान कर चलाया सफाई अभियान,
हस्ताक्षर अभियान के जरिए लोगों को किया जागरूक
पूर्वी सिंहभूम । झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत साकची स्थित महाराणा प्रताप चौक से हुई। यहां से दौड़ते हुए प्रतिभागी सुवर्णरेखा छठ घाट पहुंचे। इसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। दौड़ के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के साथ-साथ नदियों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

दौड़ के समापन के बाद सुवर्णरेखा छठ घाट पर सामूहिक श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने मिलकर घाट की साफ-सफाई की। छठ महापर्व के दौरान घाटों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और पूजा के बाद कचरे को निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की गई। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि स्वच्छता को सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय इसे स्थायी जन-अभियान बनाने की जरूरत है। शहर की नदियों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। वहीं, विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि साफ-सफाई का सीधा संबंध लोगों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता से है। ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समाज में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस केवल राज्य के गौरव को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। स्वच्छता अभियान तभी सफल हो सकता है, जब आम लोग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने लोगों से अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने और कचरे का उचित निस्तारण करने की आदत विकसित करने की अपील की।





