छात्रों ने किया प्रदर्शन, तोड़फोड़ कर वाहन में लगाई आग, हाईवे किया जाम
चंडीगढ़ । पंजाब की दो प्रमुख यूनिवर्सिटी में करीब 24 घंटे के अंदर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने छात्रों के बीच तनाव और विरोध प्रदर्शन की स्थिति पैदा कर दी। फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में शनिवार देर रात एक छात्रा से दुष्कर्म का संदेश वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र जुट गए। प्रदर्शन के दौरान परिसर में तोड़फोड़ और वाहन में आग लगाए जाने की सूचना सामने आई है। इसके बाद छात्रों ने यूनिवर्सिटी गेट के बाहर प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात बाधित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित में किया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल दुष्कर्म के दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है। संदेश फैलने के बाद छात्रों की भीड़ गर्ल्स हॉस्टल के पास जमा होने लगी। प्रदर्शन बढ़ने पर यूनिवर्सिटी परिसर के एक हिस्से में तोड़फोड़ की गई और गेट को भी नुकसान पहुंचा। बाद में छात्र हाईवे पर पहुंच गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। एसपी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल मैसेज में किया गया दावा सही है या नहीं।
इसी दौरान पटियाला जिले के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में भी सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद छात्रों ने प्रदर्शन किया। शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे से पौने 12 बजे के बीच छात्रों के विरोध की जानकारी सामने आई। यहां दो छात्राओं की मौत और उनके लापता होने से जुड़े दावे सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। लड़कियों के हॉस्टल से चीखें सुनाई देने और परिसर में एक पुजारी की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे। विवाद उस समय और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें परिसर में ‘भूत’ दिखाई देने का दावा किया गया। इसके बाद एक छात्रा की आत्महत्या और उसकी आत्मा के हॉस्टल में घूमने जैसी बातें फैलने लगीं। दो छात्राओं के लापता होने की बात भी सामने आई, लेकिन पुलिस के मुताबिक शिकायत देने वाले छात्रों को लापता छात्राओं के नाम तक पता नहीं थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक चितकारा यूनिवर्सिटी प्रशासन ने परिसर में किसी छात्रा की मौत या आत्महत्या की घटना से साफ इनकार किया है। रजिस्ट्रार ने छात्रों से बातचीत कर ऐसी सूचनाओं को अफवाह बताया। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि हॉस्टल के पास पहुंची एंबुलेंस एक छात्र के अस्पताल से लौटने के सिलसिले में आई थी और उसका किसी मौत या आत्महत्या से संबंध नहीं था। पुजारी की मौजूदगी के बारे में भी यूनिवर्सिटी ने कहा कि एक व्यक्ति अपनी बेटी से मिलने हॉस्टल आया था। दोनों मामलों में पुलिस ने वायरल दावों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सोशल मीडिया पर प्रसारित मैसेज और वीडियो को पुष्ट तथ्य नहीं माना गया है। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों से अफवाहों पर भरोसा न करने और किसी भी तरह की अशांति से दूर रहने की अपील की है।


