लंदन । आक्रामक सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली यहां इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार से शुरु हो रही एकदिवसीय सीरीज में बड़े रिकार्ड बना सकते हैं। ऐसे में प्रशंसकों की नजरें इन दो दिग्गजों पर रहेंगी। एकदिवसीय क्रिकेट में अभी सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित आठवें स्थान पर हैं। 285 मैचों की 277 पारियों में 48.83 की औसत से उन्होंने 11720 रन बनाए हैं, जिसमें 62 अर्धशतक और 33 शतक शामिल हैं। अब वह इस सीरीज में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक का रिकार्ड तोड़ सकते हैं। इंजमाम ने एकदिवसीय में 11739 रन बनाए हैं। इंग्लैंड सीरीज में केवल 20 रन बनाते ही हिटमैन इंजमाम को पीछे छोड़कर सातवें स्थान पर आ जाएंगे। इसके बाद उनका अगला लक्ष्य श्रीलंका के महेला जयवर्धने होंगे, जिनके नाम 12650 रन दर्ज हैं।
वहीं दूसरी ओर विराट एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर कायम हैं। 311 मैचों की 299 पारियों में 58.71 की शानदार औसत से उन्होंने अब तक 14797 रन बनाए हैं। ऐसे में विराट की नजरें 15,000 एकदिवसीय रन का रिकार्ड बनाने पर रहेंगी। इसके लिए उन्हें केवल 203 रन की जरुरत है। अगर विराट यह मुकाम इस सीरीज में हासिल कर लेते हैं, तो वह एकदिवसीय इतिहास में 15,000 रन पूरे करने वाले सचिन तेंदुलकर (18426 रन) के बाद दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


