कोलंबो । भारतीय क्रिकेट के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच की पहली पारी में अर्धश्तक लगाने के साथ ही एक बड़ा रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। अब ऋषभ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसी के साथ ही उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को भी पीछे छोड़ दिया है। मैच के पहले दिन चोटिल होने के बावजूद, ऋषभ ने दूसरे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों को करारा जवाब दिया।
अपने अर्धशतक के साथ ही ऋषभ ने शुभमन को पीछे छोड़ दिया। इस उपलब्धि के साथ ही अब ऋषभ के नाम डब्ल्यूटीसी में कुल 2947 रन हो गए हैं। यह रन उन्होंने 42 मैचों की 74 पारियों में 42 से अधिक की औसत से बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं।
वहीं शुभमन ने भी अर्धशतक लगाया था जिससे उनके रनों की संख्या बढ़कर 2917 तक पहुंच गयी। शुभमने ने यह रन 42 मैचों की 76 पारियों में 42.27 की औसत के साथ बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष पांच बल्लेबाजों की सूची में ऋषभ और शुभमन के अलावा अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा और विराट कोहली भी शामिल हैं। रोहित शर्मा 40 मैचों की 69 पारियों में 41.15 की औसत से 2716 रन बनाकर इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिसमें उनके 9 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं रवींद्र जडेजा 2675 रनों के साथ चौथे पायदान पर हैं। वहीं, दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली 46 मैचों की 79 पारियों में 35.36 की औसत से 2617 रन बनाकर पांचवें पायदान पर हैं, उनके नाम 5 शतक और 11 अर्धशतक दर्ज हैं।


