भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 70 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की बुधवार तड़के उनके सूरजनगर स्थित घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दो दिन पहले ही काम पर रखा गया केयरटेकर वरुण कुमार लापता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उसी पर शक है। वह 28 सितंबर को पंजाब की एक एजेंसी के माध्यम से नौकरी पर आया था। घटना के बाद से उसका मोबाइल और सामान भी घर में नहीं मिला है।
रातीबड़ पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे घटना की सूचना मिली। अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ घर में रहते थे। सुबह करीब 5:30 बजे पत्नी की नींद खुली और वे मॉर्निंग वॉक के लिए निकलने लगीं तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने दूसरे कर्मचारी को फोन कर बुलाया। इसके बाद घर के अंदर जाकर देखा तो राकेश अग्रवाल का शव कमरे में पड़ा था। उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस को घर की तलाशी के दौरान किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप निकला हुआ मिला। पूरे घर में गैस की गंध थी। इससे पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद घर में आग लगाने या किसी बड़े हादसे की कोशिश की गई होगी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
अलमारी के लॉक टूटे, लूट की आशंका
प्रारंभिक जांच में घर की एक अलमारी के लॉक टूटे मिले हैं। इसके आधार पर पुलिस लूट के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, अग्रवाल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में कोई बड़ी मात्रा में आभूषण या कीमती सामान नहीं रखा था। पुलिस घर से क्या सामान गायब है, इसका सत्यापन कर रही है।
दो दिन पहले ही नौकरी पर आया था वरुण
पुलिस के अनुसार, वरुण नाम का केयरटेकर 28 सितंबर को ही एक एजेंसी के माध्यम से अग्रवाल के घर काम पर आया था। वारदात के बाद से वह लापता है। पुलिस उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। घर में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। राकेश अग्रवाल और उनकी पत्नी के इकलौते बेटे के अमेरिका में रहने की जानकारी सामने आई है।
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी भी खंगाल रही पुलिसघटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि रात में घर के आसपास आने-जाने वालों की जानकारी मिल सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
1982 बैच के आईएएस अधिकारी थे अग्रवालराकेश अग्रवाल मध्यप्रदेश कैडर के 1982 बैच के आईएएस अधिकारी थे। उन्होंने अपने पूरे करियर में जिला कलेक्टर, उपसचिव, संयुक्त सचिव, अतिरिक्त सचिव, प्रबंध निदेशक, निदेशक, सचिव, प्रधान सचिव और सचिव सहित विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं। अग्रवाल प्रशासन अकादमी से भी जुड़े थे।


