देवघर। रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में मिली युवती की लाश मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, फिर उसकी हत्या कर शव को नदी किनारे फेंक दिया गया। बाद में पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बालू से ढक दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। बताया गया कि 19 मई 2026 को रढ़िया नदी में बालू से ढका एक अर्धनग्न महिला का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान रिंकू कुमारी, उम्र 21 वर्ष, पिता परमेश्वर राउत, निवासी रढ़िया, थाना रिखिया के रूप में हुई थी। घटना के बाद रिखिया थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने फॉरेंसिक जांच, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर मामले की तह तक पहुंचते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण राउत, उम्र 27 वर्ष, पिता गुजा राउत, राहुल कुमार, उम्र 19 वर्ष, पिता हलधर मांझी और रावडी देवी, उम्र करीब 29 वर्ष, पति केला यादव शामिल हैं। तीनों रढ़िया गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 16 मई की शाम युवती नदी की ओर गई थी। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पास की जोरिया में फेंक दिया। मामला छिपाने के लिए 18 मई की रात शव को नदी में ले जाकर बालू से ढक दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वह कुदाल भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल शव को बालू में दबाने के लिए किया गया था। कुदाल नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था। इस कार्रवाई में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार, मो. शकील अहमद, सूरज कुमार, रिखिया थाना रिजर्व गार्ड और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।


