मसलिया। मसलिया प्रखंड क्षेत्र के कुंजबोना पंचायत अंतर्गत गम्हरा गांव के आदिवासी टोला स्थित जंगल में शनिवार सुबह करीब 9 बजे एक विशाल अजगर द्वारा सियार को दबोचने की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के दर्जनों गांवों से ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी देर तक वहां लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीण बाबई मरांडी ने बताया कि वह सुबह खेत देखने गए थे। इसी दौरान जंगल की ओर से 4-5 सियारों के लगातार चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब वह आवाज की दिशा में पहुंचे तो देखा कि एक विशाल अजगर ने एक सियार को अपने मजबूत शरीर से जकड़ रखा था और उसे निगलने का प्रयास कर रहा था। यह दृश्य देखकर उन्होंने तुरंत गांव के अन्य लोगों को सूचना दी।
कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों के शोर-शराबे और भीड़ देखकर अजगर ने सियार को छोड़ दिया और पास की झाड़ियों में छिप गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनरक्षी अनुराग कुमार और दुलाल टुडू अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर पकड़ लिया। वन विभाग ने बाद में उसे जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया। वनकर्मियों ने बताया कि बरसात के मौसम में अजगर और अन्य वन्यजीव भोजन एवं सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी के नजदीक आ जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराएं नहीं, न ही उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


