पूर्वी सिंहभूम । लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं हो पाने के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। इस मुद्दे को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कांग्रेस और इंडी अलायंस पर कड़ा हमला बोला है।
शनिवार को जारी अपने बयान में पूर्णिमा साहू ने विपक्षी दलों के रवैये को महिलाओं के प्रति नकारात्मक बताते हुए कहा कि संसद जैसे महत्वपूर्ण मंच पर इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को समान भागीदारी देने के सवाल पर विपक्ष का रुख निराशाजनक रहा है।
विधायक ने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण की बात करने वाले दल जब वास्तविक निर्णय का समय आया, तब पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि विपक्षी दलों के लिए महिलाओं के अधिकारों से ज्यादा उनकी राजनीतिक रणनीति अहम है। उनके अनुसार, यह रुख देश की मातृशक्ति के सम्मान के विपरीत है।
पूर्णिमा साहू ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा केवल राजनीति का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान अवसर का प्रश्न है। ऐसे में इस पर दलगत राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस दिशा में सकारात्मक पहल होगी और महिलाओं को उनका अधिकार मिल सकेगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


