जसबीर जस्सी ने कहा, ‘डबल स्टैंडर्ड’ यानी दोहरी मानसिकता सही नहीं
मुंबई । दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर के शामिल होने को लेकर बवाल मचा हुआ है। भारत में फिल्म के ट्रेलर तक को यूट्यूब तक से हटा दिया है। जहां सिंगर मीका सिंह और दिलजीत के भारतीय फैंस इसका विरोध कर रहे हैं। वहीं दिलजीत जाने माने पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने दिलजीत दोसांझ का खुलकर समर्थन किया है। जस्सी ने कहा कि वो लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हैं लेकिन ‘डबल स्टैंडर्ड’ यानी दोहरी मानसिकता सही नहीं है। जसबीर जस्सी ने एक साक्षात्कार में कहा, मैं देख रहा हूं कि दिलजीत दोसांझ और उनकी फिल्म का विरोध हो रहा है क्योंकि उसमें एक पाकिस्तानी कलाकार ने काम किया है। मैं देशभक्ति और लोगों की भावनाओं का सम्मान करता हूं लेकिन सवाल ये है कि डबल स्टैंडर्ड क्यों? अगर आप नहीं चाहते कि पाकिस्तानी कलाकार हमारे गानों में गाएं, फिल्मों में काम करें तो फिर उनके बनाए गानों का इस्तेमाल भी बंद कीजिए। हमारी इंडस्ट्री के 80 फीसदी गाने चोरी हुए हैं, चाहे वो उनकी धुन हो, शब्द हो या पूरा गाना। कई गाने सीधे उनके कलाकारों ने गाए हैं। मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता क्योंकि लिस्ट बहुत लंबी है लेकिन ये डबल स्टैंडर्ड क्यों?’ गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर नजर आने वाली हैं। इसके बाद से सोशल मीडिया पर लोग जमकर विरोध कर रहे हैं। कई लोग इसे राष्ट्रभावनाओं को ठेस बता रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री के संगठन जैसे फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज और ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी दिलजीत दोसांझ और उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स पर बैन लगाने की मांग की है।


