दुमका। सिदो कान्हु मुर्मु विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के कुलपति प्रो. राम कुमार सिंह को अब एसकेएमयू के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
यह निर्णय विश्वविद्यालय की वर्तमान कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर के अस्वस्थ होने के कारण लिया गया है। पिछले कुछ समय से प्रो. कंदीर का उपचार चल रहा है, जिसके चलते विश्वविद्यालय के दैनिक प्रशासनिक कार्यों और निर्णय लेने की प्रक्रिया में चुनौतियां आ रही थीं। कार्यों में गतिशीलता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने राजभवन से दिशा-निर्देश मांगे थे।
राजभवन सचिवालय, रांची से प्राप्त निर्देशों के बाद प्रो. राम कुमार सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई है। आदेश के अनुसार, प्रो. सिंह तब तक इस पद का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे जब तक प्रो. कुनुल कंदीर पूरी तरह स्वस्थ होकर अपना कार्यभार पुनः ग्रहण नहीं कर लेतीं। इस नई व्यवस्था से विश्वविद्यालय के लंबित कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


