संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज-साहिबगंज जिले के जैव-विविधता इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है. जिले में पहली बार दुर्लभ प्रवासी मृत भक्षी पक्षी हिमालयन ग्रिफाॅन गिद्ध की आधिकारिक उपस्थिति दर्ज की गई है.यह दुर्लभ दृश्य दिनांक 3 जनवरी 2026 को साहिबगंज वन क्षेत्र अंतर्गत अंबाडीहा पंचायत के बड़ा सोलबंधा गांव में एक ऊंचे सेमल वृक्ष पर देखा गया.
हिमालयन ग्रिफाॅन गिद्ध सामान्यतः हिमालय, तिब्बती पठार एवं मध्य एशिया के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में पाया जाता है. अत्यधिक ठंड एवं भोजन की कमी के कारण यह प्रजाति शीतकाल के दौरान निचले मैदानी क्षेत्रों की ओर प्रवास करती है. साहिबगंज में इसकी उपस्थिति यह संकेत देती है कि जिले का भू-दृश्य, पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी तंत्र प्रवासी मृत भक्षी पक्षियों के लिए सुरक्षित, अनुकूल तथा विष-मुक्त बना हुआ है.
भारत में यह प्रजाति शीतकाल के दौरान उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम एवं झारखंड के कुछ सीमित क्षेत्रों में ही दर्ज की जाती रही है. झारखंड राज्य में अब तक इसके दृश्य मुख्यतः हजारीबाग एवं कोडरमा जिलों तक सीमित थे. ऐसे में साहिबगंज जिले में इसका दर्ज होना राज्य में संचालित गिद्ध संरक्षण एवं वन्यजीव संरक्षण प्रयासों की सफलता का स्पष्ट प्रमाण माना जा रहा है.
इस ऐतिहासिक उपस्थिति को वन रक्षी अंकित कुमार द्वारा दर्ज किया गया. जो न केवल एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक अभिलेख है. बल्कि यह भी दर्शाता है कि राज्य के वनकर्मी जैव-विविधता संरक्षण के प्रति सजग, सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका निभा रहे हैं.पक्षी विशेषज्ञ अविनाश कुमार ने बताया कि साहिबगंज में गिद्ध की उपस्थिति जिले की जैव-विविधता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उत्साहजनक संकेत है. यह दर्शाता है कि क्षेत्र का पर्यावरण संतुलित, सुरक्षित तथा मृत भक्षी पक्षियों के लिए अनुकूल बना हुआ है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


