गोड्डा। महिला कॉलेज स्थित शिक्षक सदन में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक आगामी 5 और 6 जुलाई को ‘परंपरागत ज्ञान प्रणाली एवं सतत विकास’ विषय पर होने वाले दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुमनलता ने की।
इस बैठक में कॉन्फ्रेंस के संयोजक सह मुंगेर विश्वविद्यालय के केडीएस कॉलेज गोगरी के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी सभी उप-समितियों से अब तक हुई प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। डॉ. ठाकुर ने कहा कि गोड्डा के इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस होने जा रही है। इसे ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी के सामूहिक प्रयास और आपसी तालमेल की बेहद जरूरत है।
डॉ. ठाकुर ने शोध पत्रों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए प्रकाशन समिति को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉन्फ्रेंस की स्मारिका और रिसर्च जर्नल की एडिटिंग पूरी सटीकता से की जाए ताकि शाब्दिक त्रुटियां न रहें और शोध अपने उच्च मानकों पर खरा उतरे। इसके लिए उन्होंने सभी शोध पत्रों को समय पर समीक्षक के पास भेजने की हिदायत दी ताकि समय पर शोध पत्रिका का प्रकाशन मुमकिन हो सके।
यह भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन अर्थशास्त्र विभाग केडीएस कॉलेज गोगरी, मुंगेर विश्वविद्यालय और इथियोपिया (साउथ अफ्रीका) की वेराबे यूनिवर्सिटी के संयुक्त शैक्षणिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। बैठक को सफल बनाने में महिला कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुमनलता के साथ डॉ. ब्रजेश मिश्र, डॉ. सुधि वत्स, डॉ. नूतन झा, डॉ. संजू सिंह, प्रोफेसर पूनम झा, डॉ. विपिन बिहारी, प्रो. मनोज शर्मा, प्रो. सुहागिनी मरांडी, प्रो. श्वेता, डॉ. दिनेश प्रसाद और डॉ. राजीव झा समेत कई अन्य शिक्षक व प्रबुद्ध जन सक्रिय रूप से मौजूद रहे।


