रांची: झारखण्ड प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) की राज्य कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक प्रदेश कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो ने की। बैठक में निकाय चुनाव की तैयारी, भ्रष्टाचार, होल्डिंग व वाटर टैक्स वृद्धि के खिलाफ आंदोलन तथा सदस्यता अभियान को गति देने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि निकाय क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के विरोध में जिला और प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। साथ ही निकाय चुनाव की रणनीति के लिए कोषांग गठित किया जाएगा तथा सदस्यता अभियान के लिए प्रभारियों की नियुक्ति होगी।
बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार जीत पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुभकामनाएँ भी दी गईं। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नीतीश कुमार का नाम दर्ज होने पर बैठक में गर्व व्यक्त किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित उम्मीदवारों की सूची सात दिनों के अंदर प्रदेश मुख्यालय को भेजें। उन्होंने कहा कि एक मार्च को पूरे झारखंड में नीतीश कुमार का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा।
खीरू महतो ने कहा कि पार्टी जमीन स्तर पर मजबूती से सक्रिय होगी और संसद के बजट सत्र के बाद उनकी जिलावार यात्राएं की जाएंगी।
बैठक में विधायक सरयू राय ने कहा कि सदस्यता अभियान को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश स्तर पर प्रभारी नियुक्त किया जाए और निकाय चुनाव में बेहतर समन्वय के लिए कमेटी की जरूरत है। उन्होंने पेशा कानून में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। पूर्व मंत्री राजा पीटर ने तमाड़ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाने की बात कही।
पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने कहा कि गठबंधन के कारण चुनाव न लड़ पाने के बावजूद पलामू प्रमंडल की जनता की समस्याओं को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी “नीतीश मॉडल” अपनाने का समय आ गया है।
बैठक का संचालन श्रवण कुमार ने किया। बैठक में डॉ. आफ़ताब जमील, भगवान सिंह, रेणु पन्निकर, मधुकर सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


