विश्व पर्यावरण दिवस पर पीएम ने शुभकामनाएं देते हुए गिनाईं उपलब्धियां
नई दिल्ली । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पीएम नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पिछले एक दशक में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भारत द्वारा हासिल की गई सफलताओं को बताया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की निरंतर नीतियों और नागरिकों की सामूहिक कोशिशों से देश के हरित आवरण यानी फॉरेस्ट कवर का विस्तार हुआ है और कई दुर्लभ वन्यजीव प्रजातियों की आबादी में बढ़ोतरी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने सामूहिक प्रयासों, नीतियों, विज्ञान में विश्वास और नवाचार के जरिए पर्यावरण में सुधार लाने के उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए नागरिकों की तारीफ की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित सभी लोगों की मैं सराहना करता हूं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह दिन हमें अपने पर्यावरण की रक्षा करने और सतत विकास को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने की याद दिलाता है। उन्होंने बताया कि पिछले दशक में उनकी सरकार ने इस संबंध में कई पहलें की हैं। उन्होंने कहा कि भारत की कुछ प्रमुख उपलब्धियों में हरित क्षेत्र का विस्तार और कई जानवरों की आबादी में बढ़ोतरी शामिल है।
बता दें विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष 5 जून को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके लिए कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के लिए मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के तहत 1973 में पर्यावरण दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। यह पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर जन जागरूकता फैलाने का सबसे बड़ा वैश्विक मंच है जिसे दुनिया भर में लाखों लोग मनाते हैं। 2026 में इस कार्यक्रम की मेजबानी अजरबैजान करेगा। यह आयोजन वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संबंधी कार्यों का समर्थन करने वाले सबसे व्यापक मंचों में से एक बन गया है।


