जामताड़ा। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। अलग-अलग जगहों पर बारिश के चलते मकानों को नुकसान पहुंचने से प्रभावित परिवारों के सामने सुरक्षित ठिकाने की समस्या खड़ी हो गई है। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। नाला क्षेत्र के बेनागड़िया गांव में शुक्रवार शाम राजेश मंडल का मिट्टी का घर अचानक ढह गया। घटना के समय परिवार के सदस्य और बच्चे मकान के अंदर ही थे, लेकिन समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। घर गिरने के बाद परिवार को फिलहाल दूसरे के घर में आश्रय लेना पड़ रहा है।
मकान गिरने की घटना के बाद ग्रामीणों ने गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने वाली योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने कहा कि जर्जर घरों में रहने वाले जरूरतमंदों को चिन्हित कर समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से राजेश मंडल के परिवार को तत्काल सहायता देने की मांग की। वहीं, चंद्रदीपा पंचायत के टोला पहाड़गोड़ा में बारिश के कारण महादेव हांसदा का मकान धंस गया। घर को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से स्थल निरीक्षण कर क्षति का आकलन कराने और सरकारी नियमों के तहत सहायता दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत देने की अपील की।


