तालझारी थाना क्षेत्र में तेलभंगा बुढ़ियारी स्थित एक पहाड़ी के समीप अपराधियों ने बैंककर्मी से लूटपाट को दिया था अंजाम
जरमुंडी । जिले के तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलभंगा बुढ़ियारी स्थित एक पहाड़ी के समीप पिछले दिनों माइक्रो स्मॉल फाइनेंस बैंक कर्मी से लूटपाट मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस को मिली इस कामयाबी को लेकर
जरमुंडी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार कच्छप ने प्रेस सम्मेलन कर गुरूवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सात अप्रैल को तालझारी थाना क्षेत्र के तेलभंगा बुढ़ियारी स्थित एक पहाड़ी के पास उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक कर्मी द्वारा ग्रुप ऋण का पैसा (करीब 70 हजार) तहसील कर लाने के क्रम में अज्ञात अपराधियों द्वारा रास्ते में लूटपाट कर लिया था। इस संदर्भ में पीड़ित बैंककर्मी विक्की कुमार ठाकुर पिता शंकर ठाकुर, भोगतिया, लोहारी, गिरीडीह निवासी ने अज्ञात अपराधियों के विरूद्ध आवेदन देकर लूट का आरोप लगाया था। प्राप्त आवेदन के आधार पर तालझारी थाना में कांड संख्या 18/2026 दिनांक 07/04/2026 भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 310(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले के अनुसंधान एवं उद्वेदन को लेकर दुमका के पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, छापामारी दल का गठन किया गया। तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक के नेतृत्व में छापेमारी टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल अज्ञात पांच अपराध कर्मी क्रमशः तालझारी थाना के झाझा निवासी चंदन मिर्धा पिता स्वर्गीय दिनेश मिर्धा, राकेश राय पिता सोहनलाल राय, करमा गांव निवासी करण कुमार राव पिता लक्ष्मण राव, कुशमाहा गांव निवासी पियूष प्रशांत पिता प्रमोद यादव एवं जामा थाना क्षेत्र के ऊपर बहियारी गांव निवासी कटकी मिर्धा पिता मानिक मिर्धा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के निशानदेही पर लूटे गए सामान को भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकारोक्ति बयान में अपना अपराध कबूल कर लिया है। अभियुक्तों के पास से वादी का लूटा हुआ एक काले रंग का हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, वादी से लूटा हुआ सैमसंग कंपनी का एक टैब एवं एक देसी कट्टा बरामद किया गया है।


