आग, बिजली और आपदा से निपटने के उपायों का कराया गया व्यावहारिक अभ्यास
देवघर। श्रावणी मेला-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को डाबर ग्राम पुलिस केन्द्र, जसीडीह में फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) चन्द्रशेखर के नेतृत्व में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण में मेला ड्यूटी में प्रतिनियुक्त लाईजनिंग पदाधिकारी, थाना प्रभारी, अन्य अधिकारियों तथा पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आग पर काबू पाने के तरीके का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान विभिन्न पंडालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य आवासन स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरते हैं। ऐसे स्थानों पर तैनात पुलिस बल को किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि आपात स्थिति में पुलिसकर्मी तत्काल और बेहतर तरीके से राहत एवं बचाव कार्य कर सकें।


