संताल एक्सप्रेस
हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम गांव के 10 वर्षीय दीनानाथ सिंह की कथित हत्या कर शव बोरे में डालकर रानीपुर स्थित परगला नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा बच्चे की हत्या कर शव नदी में फेंकने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस और ग्रामीण आरोपी की निशानदेही पर परगला नदी में बच्चे के शव की तलाश में जुटे हैं।जानकारी के अनुसार, दीनानाथ सिंह मंगलवार को कर्मा पूजा देखने के लिए घर से निकला था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद बच्चे के पिता हिरानन्दन सिंह ने हिरणपुर थाना में लिखित शिकायत देकर उसके लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी सेल की मदद से छानबीन शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संदिग्ध ने कथित तौर पर बताया कि आपसी दुश्मनी के कारण उसने बच्चे के साथ मारपीट की और लोहे की सरिया से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में डालकर टेम्पो से रानीपुर स्थित परगला नदी में ले जाकर फेंक दिया।संदिग्ध से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस नदी और आसपास के इलाके में शव की तलाश कर रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बच्चे का शव बरामद नहीं किया जा सका था। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


