पूर्वी सिंहभूम । शहर में चेन स्नैचरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार सुबह सूर्य मंदिर के समीप मॉर्निंग वॉक कर रही एक महिला से बदमाश ने सोने की चेन छीन ली।
जानकारी के अनुसार, रीना मिश्रा सुबह टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक पीछे से उनके पास पहुंचा। महिला के अनुसार, बदमाश ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर उनके गले से सोने की चेन झपटकर तेजी से फरार हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि वह संभल भी नहीं सकीं।
वारदात के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़िता और स्थानीय नागरिकों ने मंदिर परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, लेकिन फुटेज में आरोपित की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद घटना की सूचना सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के मार्गों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपित की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पीड़िता रीना मिश्रा की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज़ अहमद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास जारी है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


