पश्चिमी सिंहभूम । जिला अंतर्गत कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के उसामबीर गांव में एक युवती के खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सुमित्रा बरजो (24)के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में सुमित्रा के चाचा रूप बरजो ने बताया कि रविवार की शाम में परिवार के सभी सदस्य एक साथ भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। सोमवार सुबह में जब सुमित्रा की मां जसमती बरजो शौच के लिए घर से खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान, जिसे स्थानीय भाषा में बड़ा सारंग कहा जाता है, वहां इमली के पेड़ से सुमित्रा का शव लटका हुआ देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत गांव के मुंडा को सूचना दी, जिसके बाद कुमारडुंगी थाना को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, परिवार में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई थी जिससे सुमित्रा के इस कदम का कारण स्पष्ट हो सके। सुमित्रा के परिवार में तीन भाई और तीन बहन हैं, जिनमें एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


