करमाटाड़ । प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विद्यासागर रेल लाइन पर विद्यासागर–मदनकट्टा रेलवे स्टेशन के बीच पॉल संख्या 271/6 की अप लाइन के समीप एक युवक का जख्मी हालत में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव की जांच-पड़ताल की।
जांच के दौरान युवक के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान सूरज मोहली (उम्र 31 वर्ष), पिता जय किशन मोहली, निवासी गांव रामपुर मलहरा, वार्ड संख्या 26, देवघर के रूप में की गई। वहीं मृतक की जेब से हावड़ा से जसीडीह का रेल टिकट भी बरामद हुआ है।
घटना को लेकर अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक ट्रेन के गेट के पास बैठा हुआ था और संभवतः नींद लगने के कारण नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय प्रशासन एवं आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर जामताड़ा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


