संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- बरहरवा थाना क्षेत्र के हरिहरा स्थित गुमानी नदी में शनिवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. नदी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं राहगीर नदी किनारे जमा हो गए. घटना की सूचना तत्काल बरहरवा थाना पुलिस को दी गई.सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.मृतका की पहचान दुरवा देवी उम्र लगभग 50 वर्ष पति स्वर्गीय राज राम रजक निवासी महाराजपुर थाना बरहरवा के रूप में हुई है. पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल तथा थाना पहुंचे.ग्रामीणों के अनुसार दुरवा देवी की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी और वह अक्सर इधर-उधर भटकती रहती थीं. हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह नदी तक कैसे पहुंचीं. इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं.
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि महिला की मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है.पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला नदी में दुर्घटनावश गिरी या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है.फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है. गुमानी नदी से महिला का शव मिलने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के रहस्य से पर्दा उठ सकेगा.


