ड्रिंक एंड ड्राइव और अवैध मॉडिफिकेशन पर सख्ती, शहर के चौक-चौराहों पर बढ़ी निगरानी
देवघर। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर पुलिस ने जनवरी माह में सघन अभियान चलाया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष जांच की गई, जिसमें नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में यातायात नियमों के प्रति एक बार फिर सख्ती का संदेश गया है।
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जनवरी माह में ड्रिंक एंड ड्राइव के 71 मामले सामने आए। वहीं, नो एंट्री जोन में वाहन ले जाने के 5 मामलों में चालकों को पकड़ा गया। इसके अलावा अवैध रूप से मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 40 वाहन चालकों पर कानूनी शिकंजा कसा गया। इस तरह कुल 116 वाहन चालकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई। एसपी पुलिस सौरभ ने साफ कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती लगातार की जा रही है। खास तौर पर अवैध मॉडिफिकेशन वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है, क्योंकि ऐसे वाहन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से भी अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस का यह अभियान केवल दंड देने तक सीमित नहीं है, बल्कि देवघर में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था कायम करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिले में आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।


