देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र में पिस्टल के दम पर राहगीरों और वाहन चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा लूट का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि 23 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय कुछ अपराधी हथियार के बल पर वाहनों को रोककर लूटपाट कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि सावन के दौरान यह गिरोह श्रद्धालुओं और राहगीरों को भी निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विष्णु यादव को गिरफ्तार किया। वह बिहार के बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के झाझा गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा रिखिया थाना क्षेत्र से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिखिया थाना कांड संख्या 97/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के फरार सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, श्वेत प्रकाश दुबे, बिरेंद्र उरांव, मुकेश कुमार सिंह तथा रिजर्व गार्ड के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि सावन मेले के दौरान अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


