संताल एक्सप्रेस
उधवा। राधानगर पुलिस ने भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता मेला में छापेमारी कर दो जुआरी को खदेड़ कर गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए सोमवार को राधानगर थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मदिया गांव में भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता के आड़ में अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है।पुलिस को सूचना मिली कि मेला में बाहर से कुछ लोग आकर हब्बा डब्बा जुआ खेला रहे है और अवैध रूप से पैसे कमा रहे है। पुलिस अधीक्षक साहिबगंज के द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाई हेतु राधानगर पुलिस ने दलबल के साथ मदिया गांव में छापेमारी करने के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान मेला में छापेमारी करते हुए पाकुड़ जिला के लिट्टीपाड़ा निवासी अशोक रविदास एवं मदिया निवासी पगला सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पास से हब्बा डब्बा जुआ में उपयोग होने वाली टोकरी,बोर्ड व छह अदद डिस, 16120 रूपये,दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। मामले को लेकर कांड संख्या 165/24 बंगाल जुआ अधिनियम के तहत दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, एसआई दीपक कश्यप आदि पुलिस बल मौजूद थे।


