◆केंद्रीय कैबिनेट के फैसले से अटके प्रोजेक्ट पूरे होंगे
◆ ग्रामीण कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
सुमन सिंह
दुमका । केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-III (पीएमजीएसवाई-III) की अवधि मार्च 2025 से बढ़ाकर मार्च 2028 तक करने के फैसले का फायदा दुमका जिले में लंबित 6 सड़कों को मिलना तय माना जा रहा है। जिले में इस फेज की 6 सड़कें अभी लंबित हैं, जिनके अब तय समय सीमा में पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पीएमजीएसवाई-III की अवधि को आगे बढ़ाने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही कुल वित्तीय प्रावधान बढ़ाकर 83,977 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जिससे अधूरे कार्यों को गति मिलेगी।दुमका में जिन 6 सड़कों का निर्माण अब तक लंबित है,उसके पूरे होने की रफ्तार में तेजी आएगी क्योंकि अटकी हुई परियोजनाओं के लिए आवंटन की कमी नहीं रहेगी।कैबिनेट के नए फैसले के बाद अटकी हुई परियोजनाओं को आवंटन और निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। इससे जिले के ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।
बता दें कि फैसले के तहत मैदानी क्षेत्रों में सड़कों और पुलों के निर्माण की समय-सीमा मार्च 2028 तक बढ़ाई गई है, जबकि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में पुल निर्माण की अवधि मार्च 2029 तक कर दी गई है। योजना के विस्तार से दुमका सहित संताल परगना के ग्रामीण इलाकों में बाजार, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। परिवहन समय और लागत में कमी आने से किसानों और छोटे व्यवसायियों को लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


