मोरहाबादी, एचईसी, स्मार्ट सिटी समेत नए इलाकों में जल्द शुरू होगी आपूर्ति
रांची । राजधानी रांची के मोरहाबादी, हेहल, लालपुर, एचईसी, स्मार्ट सिटी और बीआईटी मेसरा सहित नए इलाकों में जल्द ही पाइपलाइन गैस (पीएनजी) आपूर्ति शुरू होगी। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सिटी गैस वितरण परियोजना की समीक्षा कर नेटवर्क विस्तार में तेजी लाने का निर्देश दिया। मंत्री ने सुरक्षित, सस्ती व पर्यावरण अनुकूल गैस को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिक घरों तक गैस पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने और टास्क फोर्स गठित करने को कहा। अधिकारियों के मुताबिक कई इलाकों में पहले से पीएनजी उपलब्ध है। अब तक 854 किमी एमडीपीई व 70 किमी स्टील पाइपलाइन बिछाई गई है। रांची में 23,628 घरेलू, 165 वाणिज्यिक और 16 औद्योगिक उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ा गया है। शहर में 28 सीएनजी स्टेशन भी संचालित हैं। मंत्री ने दो फायर बाइक का भी उद्घाटन किया, जो संकरी गलियों में आग बुझाने में सहायक होंगी।


