दुमका : सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में बुधवार से स्नातकोत्तर सेमेस्टर-2 की परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गईं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा निर्धारित चार केंद्रों पर यह परीक्षा 4 से 13 फरवरी तक चलेगी। निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए विषयों को दो समूहों ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ में बांटा गया है। पहले दिन ग्रुप ‘ए’ के विषयों की पेपर-5 की परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें हिंदी, भूगोल और समाजशास्त्र जैसे कई विषय शामिल थे। दिघी कैंपस केंद्र पर पहले दिन कुल 542 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि मात्र 7 छात्र अनुपस्थित पाए गए।
परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर ने स्वयं दिघी स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षक डॉ. एस एन अधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो और छात्रों के लिए बिजली व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान उनके साथ डीएसडब्ल्यू डॉ. जैनेन्द्र यादव भी मौजूद रहे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. रीना नीलिमा लकड़ा ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और शुक्रवार को ग्रुप ‘बी’ के विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


