औरंगाबाद । औरंगाबाद में एक शादी समारोह में शनिवार रात 11 बजे तेजपुरा पंचायत के मझियावा गांव में जयमाला में अचानक छत का छज्जा गिर गया जिसमें गांव के ही सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव की मौत हो गई और कई घायल हो गए। हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं जिनमें बाराती और गांव के ग्रामीण भी शामिल हैं। हादसे के बाद खुशी का माहौल पल भर में चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक गोह प्रखंड के चापुक पंचायत अंतर्गत पकरी गांव से बारात मझियावा गांव पहुंची थी। दरवाजा लगने और जयमाला की रस्म चल रही थी। इसी दौरान कुछ लोग छत पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे, जबकि नीचे भी काफी संख्या में बाराती और ग्रामीण मौजूद थे। तभी अचानक छत का छज्जा भरभरा कर गिर गया। छत गिरते ही ऊपर और नीचे मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे नाराज ग्रामीणों और बारातियों ने खुद ही मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मलबे से निकाले गए घायलों को ग्रामीणों और स्वजनों ने निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में दुख का माहौल है। ओबरा थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। करीब 10 लोग घायल हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


