पर्यटक यहां देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का लाभ भी उठाते हैं
जयपुर । राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ठंडे मौसम के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है और यहीं शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर गुरुशिखर मार्ग पर ओरिया गांव के पास स्थित पीस पार्क पहाड़ों और हरियाली के बीच शांति और सुकून पाने के लिए पर्यटकों की खास पसंद है। इस पार्क की स्थापना 1990 के दशक में ब्रह्माकुमारीज द्वारा की गई थी और वर्तमान में इसका संचालन भी संस्था द्वारा ही किया जाता है। अपनी अनूठी आध्यात्मिक कलाकृतियों, मनमोहक हरियाली और शांत वातावरण के कारण यह स्थान एक प्रमुख पिकनिक स्पॉट के रूप में अपनी पहचान रखता है। देश के पीएम मोदी भी इस पार्क का भ्रमण कर चुके हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीस पार्क के मुख्य आकर्षणों में यहां का ऑडिटोरियम और इसकी कलाकृतियां शामिल हैं। यहां बनाई गई कृत्रिम अमरनाथ गुफा और बर्फ का शिवलिंग पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इसके साथ ही पर्यटक एक ही स्थान पर देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का लाभ भी उठा सकते हैं। ऑडिटोरियम के अंदर रामायण के प्रसिद्ध पात्र कुंभकर्ण पर आधारित एक अनूठी प्रदर्शनी भी दिखाई जाती है, जिसके जरिए संस्था की महिला सदस्यों द्वारा कुंभकर्ण को नींद से जगाकर समाज में नशामुक्ति का एक अहम संदेश दिया जाता है।
इसके अलावा पहाड़ी पर विशाल ओम और शिवलिंग की आकृति बनाई गई है, जिसे देखने के लिए प्रतिदिन पर्यटक यहां पहुंचते हैं। पीस पार्क की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती है। यहां कई प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूल और पेड़-पौधे अपनी छटा बिखेरते हैं, जिनमें पत्थरचट बूटी, एलोवेरा, पुदीना, अंजीर, अंगूर, क्रिसमस ट्री जैसे कई दुर्लभ और औषधीय पौधे शामिल हैं। इस पार्क की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां पौधों को पूरी तरह जैविक तरीके से तैयार किया जाता है और खेती या बागवानी में किसी भी प्रकार की रासायनिक खाद का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। माउंट आबू के इस शांतिपूर्ण स्थल की यात्रा करने के लिए यह पार्क आम पर्यटकों के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है।


