देहरादून । उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार तड़के सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर बाजार के समीप अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
एसडीआरएफ के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई। बस हरिद्वार से चमोली जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर ढालवाला पोस्ट और वाहिनी मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में बचाव दल ने दुर्गम भूभाग और विषम परिस्थितियों के बीच अभियान चलाया।

एसडीआरएफ के जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। कुल 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से दुर्गम रास्ते से सड़क तक पहुंचाया गया। वहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी बस से निकालकर सड़क तक पहुंचाए गए और अस्पताल भेजे गए।
बचाव दलों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस, प्रशासन, अन्य बचाव एजेंसियों और स्थानीय लोगों के समन्वित प्रयासों से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया।





