संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत रामघाटी गांव में 1 मई की रात हुई लाखों रुपये की चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय अपराधी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से हथियार, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, नकदी एवं चोरी के जेवरात बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार रामघाटी निवासी मनोज कुमार भगत के घर में करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति एवं नकदी की चोरी हुई थी। इस संबंध में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 28/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल अपराधी पाकुड़िया थाना क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर 8 मई की शाम खक्सा गांव के समीप एक चारपहिया वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिहिर ठाकुर उर्फ मिहिर नरसुदर के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला अंतर्गत मुरारोई थाना क्षेत्र के डोहिड़ा गांव का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा वाहन से हाइड्रोलिक रॉड कटर, पेचकस और लोहे का पाइप सहित चोरी में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए गए।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 51 हजार रुपये नकद एवं चांदी के तीन सिक्के बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, महेशपुर थाना प्रभारी रवि कुमार सहित तकनीकी शाखा एवं पाकुड़िया थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।


