पाकुड़। बुधवार को राज्य सरकार से प्राप्त 11 नए पेट्रोलिंग बोलेरो वाहनों को डीसी मनीष कुमार एवं एसपी निधि द्विवेदी ने पारंपरिक रूप से नारियल फोड़कर एवं हरी झंडी दिखाकर समाहरणालय परिसर से विभिन्न थाना क्षेत्र के लिए रवाना किया। इस अवसर पर डीसी ने राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रतिआभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की सुरक्षा एवं बेहतर विधि- व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नए वाहनों के उपलब्ध होने से पुलिस की कार्यक्षमता एवं प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी। जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
एसपी ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए वाहनों के जुड़ने से जिले में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी। दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे कानून- व्यवस्था बनाए रखने में और मजबूती आएगी। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की सक्रियता में वृद्धि होगी, अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी तथा आमजनों में सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी। इनका उपयोग नियमित पेट्रोलिंग, विधि- व्यवस्था संधारण एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, आईटीडीए, मुख्यालय डीएसपी, पाकुड़ एवं महेशपुर एसडीपीओ समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


