संताल एक्सप्रेस
पाकुड़ । जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में गुरुवार तड़के घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने अपनी पत्नी और सास की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मेजा बेवा तथा उनकी 21 वर्षीय पुत्री गुलचेहरा बीवी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप गुलचेहरा के पति एबास अंसारी पर लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलचेहरा बीवी का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व एब्रास अंसारी से हुआ था। एब्रास मूल रूप से बिचामहल गांव का निवासी है और पिछले कुछ वर्षों से अपनी ससुराल झेनागड़िया में घर जमाई के रूप में रह रहा था। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी छह वर्ष की है, जबकि सबसे छोटा बेटा करीब ढाई से तीन माह का है। एब्रास मुंबई की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था और बुधवार शाम ही घर लौटा था।
बताया जाता है कि बुधवार रात भोजन के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित रूप से पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचीं उसकी मां मेजा बेवा पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मां-बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक वारदात में तीन मासूम बच्चों के सिर से एक साथ मां ओर नानी का साया उठ गया।
थाना प्रभारी बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


