संताल एक्सप्रेस
जितेन्द्र दास
पाकुड़ । जिले के आमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के सिंगारसी-आमड़ापाड़ा मुख्य सड़क पर मालीपाड़ा ढलान के समीप मंगलवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क दुर्घटना में बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार बस सुंदरपहाड़ी से बारात लेकर लौट रही थी। इसी दौरान मालीपाड़ा ढलान के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान महेशपुर प्रखंड के परियारदाहा निवासी 64 वर्षीय आलेन मुर्मू (पिता- बजार मुर्मू) तथा 16 वर्षीय राजेश टुडू (पिता- मुंशी टुडू) के रूप में हुई है। उधर घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वही स्थानीय लोगों के मदद से एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की सहायता से घायलो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर शिवम कुमार ,डॉक्टर ब्रजेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घायलों का इलाज किया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।


