सरैयाहाट । सरैयाहाट थाना क्षेत्र कोठिया में हुए राशन दुकान लूटकांड मामले का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। ज्ञात हो कि बीते 2 मई को चोराजोर निवासी मिथुन कुमार के कोठिया स्थित उसके राशन दुकान से हथियार बंद लुटेरों ने लूटपाट की थी। जिसके बाद मिथुन ने सरैयाहाट थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि उनकी पत्नी राशिका कुमारी दुकान में बैठी थीं। इसी दौरान चार अपराधी दुकान में घुस आए और देसी कट्टा दिखाकर गल्ले में रखा करीब 80 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में सरैयाहाट थाना कांड संख्या 56/26 दर्ज किया गया था। कांड के उद्भेदन के लिए थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात जमुआ गांव में छापेमारी कर 24 वर्षीय मनीष पासवान को गिरफ्तार किया। वह प्रवीण हाजरा का पुत्र एवं जमुआ गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण सभी ने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। घटना के दिन सभी आरोपी दो मोटरसाइकिल से राशन दुकान पहुंचे थे। तीन अपराधी हथियार लेकर दुकान के अंदर घुसे और दुकानदार को गोली मारने की धमकी देकर रुपये लूट लिए। बाद में सभी आरोपी मोहरा की ओर फरार हो गए और लूटी गई राशि आपस में बांट ली। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा तथा आसमानी रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (संख्या बीआर46आर0941) बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
—————
छापामारी टीम
1. राजेंद्र यादव थाना प्रभारी सरैयाहाट
2. एसआई विकेश मेहरा अनुसंधानकर्ता
3. एसआई नरेश महतो
4. एसआई अनिल टुड्डू
5. एसआई नकी इमाम खान
6. एएसआई मनोज सिंह
7. एएसआई जयप्रकाश तिवारी
8. एएसआई नवीन शुक्ला
9. एएसआई रिशु ओझ
10. हवलदार महेंद्र यादव
11. आरक्षी उमाशंकर कुमार
———————
हथियार के बल पर लुट की घटना का उद्भेदन करते हैं एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, पूछताछ में उसने अपने साथियों का नाम बताया है। पुलिस अन्य अपराधियों की तलाश कर रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस ग़स्ती को बढ़ाया गया है।
‘राजेंद्र यादव, थाना प्रभारी सरैयाहाट’


