जामताड़ा। ग्रामीण इलाकों में लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार को बुधुडीह गांव में न्याय रथ के माध्यम से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा की ओर से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम में एलएडीसी डिप्टी चीफ उत्तम कुमार ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों के साथ निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आर्थिक कमजोरी या सामाजिक परिस्थितियों के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं होना चाहिए। पात्र जरूरतमंदों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इस दौरान नालसा आशा स्कीम-2025, लीगल सर्विसेज तो रोड एक्सीडेंट विक्टिम स्कीम-2024, नालसा डॉन-2025 और संवाद स्कीम की जानकारी दी गई। सड़क दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिजनों को मिलने वाली कानूनी सहायता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पीएलवी शिवनाथ मंडल, आर्यन अंसारी, सुमन टुडू एवं आनंद महतो ने भी ग्रामीणों को जागरूक किया। न्याय रथ के माध्यम से गांव तक कानूनी जानकारी पहुंचाने की इस पहल में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।


