वाराणसी । सारनाथ क्षेत्र में नर्सिंग की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में गंभीर तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मो. समीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में आरोप है कि आरोपी ने छात्रा के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के करियांव गांव निवासी मो. समीर ने पूछताछ में बताया कि 10 जून की सुबह छात्रा उसके पेइंग गेस्ट हाउस स्थित कमरे में आई थी। आरोप है कि वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए, जिसके बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और उसे गंभीर रक्तस्राव होने लगा। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि छात्रा की हालत खराब होने के बावजूद आरोपी ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं कराई। आरोप है कि उसने करीब डेढ़ घंटे तक छात्रा को कमरे में ही बंद रखा। इस दौरान वह छात्रा की मौजूदगी से जुड़े साक्ष्य मिटाने में लगा रहा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने छात्रा का मोबाइल फोन तोड़ दिया और उसे कमरे में रखे कूलर में डाल दिया, ताकि घटना से जुड़े सबूत नष्ट किए जा सकें।
बताया गया है कि जब छात्रा की हालत अत्यंत गंभीर हो गई और उसकी सांसें कमजोर पड़ने लगीं, तब आरोपी उसे कमरे के बाहर सीढ़ियों के पास छोड़कर फरार हो गया। बाद में छात्रा अचेत अवस्था में मिली और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक छात्रा मूल रूप से बलिया जिले की रहने वाली थी और सारनाथ क्षेत्र में अपनी मां के साथ रहकर जीएनएम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को वह अकथा स्थित एक पेइंग गेस्ट हाउस की सीढ़ियों पर अचेत अवस्था में पाई गई थी। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले थे, जिसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच जारी है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, छात्रा की मौत से परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।


