नई दिल्ली । विज्ञान के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता सामने आई है। पुरुषों के लिए बनाई गई गर्भनिरोधक गोली वायसीटी-529 ने पहला ह्यूमन सेफ्टी ट्रायल सफलतापूर्वक पास कर लिया है। यह गोली हार्मोन-फ्री है और पुरुषों में शुक्राणु निर्माण की प्रक्रिया को अस्थायी रूप से रोक देती है, जिससे गर्भधारण की संभावना बेहद कम हो जाती है।
अब तक पुरुषों के पास गर्भनिरोध के सीमित विकल्प जैसे- कंडोम और स्थायी वासेक्टॉमी ही उपलब्ध थे। वायसीटी-529 एक अस्थायी, रिवर्सिबल और सुरक्षित विकल्प के रूप में सामने आई है। यह गोली शरीर में “रेटिनॉइक एसिड रिसेप्टर अल्फा” नामक प्रोटीन को ब्लॉक करती है, जो शुक्राणु निर्माण के लिए ज़रूरी होता है। खास बात यह है कि यह प्रक्रिया हार्मोन के बिना होती है, जिससे मूड स्विंग्स, वजन बढ़ने या यौन इच्छा में कमी जैसे साइड इफेक्ट्स नहीं होते। गोली इस्तेमाल के 4 से 6 हफ्तों के भीतर पुरुषों की प्रजनन क्षमता वापस आ जाती है।
यह गोली अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा और कोलंबिया यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने मिलकर विकसित की है, जबकि युवरच्वाइस थेरेचेटिक्स कंपनी इसके क्लिनिकल ट्रायल कर रही है। यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन की डॉ. स्टेफनी पेज के अनुसार, यह पुरुषों के लिए एक नया, सुरक्षित और ज़रूरी विकल्प है। इससे गर्भनिरोध की जिम्मेदारी साझा हो सकेगी।
ह्यूमन टेस्ट के परिणाम
ट्रायल में 16 पुरुषों (32 से 59 वर्ष) को शामिल किया गया, जिनकी वासेक्टॉमी हो चुकी थी। उन्हें तीन समूहों में बांटा गया: प्लेसिबो, 90 मिग्रा डोज और 180 मिग्रा डोज। कोई बड़ा साइड इफेक्ट नहीं देखा गया। हार्मोन स्तर, यौन स्वास्थ्य और मूड सामान्य रहे। 180 मिग्रा डोज सबसे अधिक प्रभावी पाई गई।
पशु परीक्षण के निष्कर्ष
चूहों में: 4 हफ्तों में शुक्राणु बनना बंद, गोली बंद करने पर फर्टिलिटी लौट आई।
बंदरों में: 2 हफ्तों में शुक्राणु संख्या घटी, और 10–15 हफ्तों में फर्टिलिटी वापस लौटी।
इन परीक्षणों के बाद सवाल किए जा रहे हैं कि क्या यह गोली क्रांतिकारी होने वाली है? ऐसे में कहा जा रहा है कि पुरुषों की सक्रिय भागीदारी बढ़ेगी, महिलाओं पर बोझ कम होगा। फैमिली प्लानिंग पर पुरुषों को भी नियंत्रण मिलेगा। सुरक्षित, हार्मोन-फ्री गोली।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


