रांची । राज्य में फर्जी वेतन निकासी घोटाले की जांच का दायरा और बढऩे वाला है।वित्त विभाग ने 12 और ट्रेजरी की जांच का प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा है।मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद अब कुल 14 ट्रेजरी की व्यापक जांच की जायेगी।पूर्व में महालेखाकार ने अपने केवल बोकारो और हजारीबाग ट्रेजरी से अवैध निकासी की जानकारी दी थी।इन दोनों मामलों की जांच के लिए सरकार ने पहले ही एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल कर रहे हैं। बाद में महालेखाकार ने राज्य के अन्य 12 ट्रेजरी से वेतन मद में अवैध निकासी के मामले की जानकारी राज्य सरकार को दी। इसी के आधार पर वित्त विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
अब वित्त विभाग ने प्रस्ताव दिया है कि शेष 12 ट्रेजरी की जांच भी इसी समिति से करायी जाये। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद समिति सभी 14 ट्रेजरी में हुई निकासी की जांच करेगी।जिन ट्रेजरी की जांच प्रस्तावित है उनमें रांची, देवघर, पलामू, गोड्डा, जमशेदपुर, तेनुघाट, गुमला, चाईबासा, महेशपुर, खूंटी, सरायकेला और रामगढ़ शामिल हैं।इन जगहों पर संदिग्ध निकासी का मामला सामने आया है।


