देवघर । नगर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त की गई राशि नशे के कारोबार से अर्जित की गई थी। गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं। उक्त जानकारी सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) कुलदीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम को रविवार रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली कि गांधी नगर, बरमसिया निवासी बंटी महथा अपने बिचकोड़िया स्थित घर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बंटी महथा की तलाशी ली, जिसमें उसकी जेब से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। वहीं मौके से एक लाख 45 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान गांधी नगर, बरमसिया निवासी बंटी महथा (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस अवैध कारोबार में उसके अन्य सहयोगियों की भी संलिप्तता सामने आई है। इनमें राहुल महथा उर्फ राहुल चौधरी तथा विशाल महथा उर्फ डीजे का नाम शामिल है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक बंटी महथा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ नगर थाना में मारपीट, चोरी, हत्या के प्रयास, रंगदारी, दहेज प्रताड़ना तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 और 2026 में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस छापेमारी अभियान में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, चंद्रशेखर रजक, सूरज कुमार, सुमंत प्रसाद, रिजर्व गार्ड एवं तकनीकी शाखा के कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


